मेरठ। भीषण गर्मी के बीच निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने शनिवार को मेरठ स्थित 33/11 केवी मोहनपुरी एवं लेडिज पार्क विद्युत उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मोहनपुरी उपकेंद्र में उपकरणों की जांच
मोहनपुरी विद्युत उपकेंद्र में प्रबंध निदेशक ने कंट्रोल पैनल, ट्रांसफार्मर, 11 केवी एवं 33 केवी वीसीबी, लॉग बुक और शिकायत रजिस्टर का निरीक्षण किया।
उन्होंने ट्रांसफार्मरों, सीटी-पीटी और कैपेसिटर बैंक समेत सभी सुरक्षा एवं प्रोटेक्शन उपकरणों के नियमित परीक्षण और रखरखाव के निर्देश दिए।
साथ ही उपकेंद्र परिसर में स्वच्छता और सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया।
लोड बैलेंसिंग और प्रोटेक्शन सिस्टम पर फोकस
इसके बाद लेडिज पार्क विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने फीडरों,
रिले सिस्टम और ट्रांसफार्मरों की लोड स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी विद्युत व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं ताकि निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो।
ट्रांसफार्मरों की लोड बैलेंसिंग और प्रोटेक्शन सिस्टम की नियमित जांच सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
सुरक्षा मानकों के पालन के दिए निर्देश
एमडी रवीश गुप्ता ने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों के शत-प्रतिशत पालन पर जोर दिया।
उन्होंने कर्मचारियों को हेलमेट, दस्ताने, सेफ्टी शूज समेत सभी सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए।
साथ ही विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
उपभोक्ता शिकायतों का हो त्वरित निस्तारण
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
किसी भी फॉल्ट या आपात स्थिति की सूचना समयबद्ध तरीके से उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाए
ताकि निर्बाध बिजली आपूर्ति व्यवस्था बनी रहे और उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना न करना पड़े।
सोशल मीडिया पर साझा होगी कार्यों की प्रगति
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि मौके पर किए जा रहे कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट और फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) तथा व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से साझा किए जाएं।
इससे कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता
रवीश गुप्ता ने कहा कि ग्रीष्मकाल में निर्बाध बिजली आपूर्ति और गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना डिस्कॉम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा,
ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
