नगीना। रेलवे फाटक संख्या 471 ठ/3 के पास गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। अप लाइन पर तेज रफ्तार पूर्णिया-बिहारख-अमृतसर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14617) की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय बुर्काधारी महिला की मौत हो गई।
ट्रेन से कटकर महिला की दर्दनाक मौत के बाद शव के अंग रेलवे ट्रैक पर बिखर गए।
ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार ट्रेन महिला को खंभा नंबर 1475/21 से 1475/23 तक घसीटते हुए ले गई।
हादसा इतना गंभीर था कि महिला के शरीर के अंग रेलवे ट्रैक पर बिखर गए।
मौके पर पहुंची जीआरपी और पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी धामपुर चौकी प्रभारी ट्विंकल कुमार मौके पर पहुंचे।
नगीना जीआरपी के हेड कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल अरबाज खान भी पहुंचे।
नगीना पुलिस की कोबरा-32 मोबाइल बाइक टीम के हेड कांस्टेबल सनी कुमार तोमर और कांस्टेबल अमित कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई में सहयोग किया।
भीड़ ने नहीं किया सहयोग
हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। रेलवे लाइन पर शव के अंग बिखरे हुए थे।
जीआरपी पुलिस ने अंगों को एकत्र करने के लिए लोगों से सहयोग मांगा।
पुलिस के अनुसार, भीड़ में मौजूद लोग पीछे हट गए। इसके बाद ग्राम चंदनवाला निवासी श्रीमती ललिता पत्नी संजय और ग्राम शाहबाजपुर निवासी प्राइवेट डॉक्टर मो. दाऊद आगे आए।
ललिता और मो. दाऊद ने किया पुलिस का सहयोग
ललिता मुरादाबाद से अपने बेटे की दवाई लेकर लौट रही थीं। उन्होंने प्राइवेट डॉक्टर मो. दाऊद के साथ पुलिसकर्मियों का सहयोग किया।
दोनों ने अज्ञात महिला के क्षत-विक्षत शव के अंगों को एकत्र करवाने में मदद की।
इसके बाद शव को जीआरपी चौकी भिजवाया गया।
हरे बुर्के और लाल दुपट्टे से पहचान की कोशिश
पुलिस को घटनास्थल से हरे रंग का बुर्का और लाल दुपट्टा मिला है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर जिला अस्पताल भेज दिया।
खबर लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।
जीआरपी पुलिस महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
हादसा या आत्महत्या, जांच में जुटी जीआरपी
जीआरपी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मौत ट्रेन से कटकर दुर्घटना में हुई या उसने आत्महत्या की नीयत से ट्रेन के आगे छलांग लगाई थी।
संवाददाता: ज़ुबैर आलम
