मुरादाबाद। मुरादाबाद टीडी टीकाकरण अभियान के तहत 03 अगस्त से 07 अगस्त 2026 तक जनपद के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त,
निजी विद्यालयों और मदरसों में स्कूल आधारित टीडी टीकाकरण किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य बच्चों को टिटनेस और डिप्थीरिया जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखना है।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
इन बच्चों को लगाया जाएगा टीडी का टीका
टीडी टीकाकरण अभियान के तहत 5 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 10 वर्ष तक के बच्चों तथा कक्षा 10 में अध्ययनरत लगभग 16 वर्ष आयु के विद्यार्थियों को टिटनेस-डिप्थीरिया (टीडी) का टीका लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयों में पहुंचकर टीकाकरण करेंगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान
जिलाधिकारी ने कहा कि मुरादाबाद टीडी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग
और संबंधित सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करें और अभियान को प्रभावी बनाएं।
अभिभावकों को किया जाएगा जागरूक
जिला, ब्लॉक और विद्यालय स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक (Parent-Teacher) बैठक के माध्यम से टीडी टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा प्रार्थना सभा, रैली और जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
टीकाकरण दिवस पर बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि टीकाकरण दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों को विद्यालयों में पूरा सहयोग दिया जाए।
साथ ही टीकाकरण के लिए चिन्हित सभी बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित न रहे।
