गुणवत्ता में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, थर्ड पार्टी जांच और लैब स्थापित करने के निर्देश
मुरादाबाद।
मुरादाबाद में निर्माण परियोजनाएं: मुरादाबाद में जिलाधिकारी अनुज सिंह ने 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा का सख्ती से पालन किया जाए।
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने साफ कहा कि निर्माण परियोजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उद्यान अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी
समीक्षा बैठक के दौरान उद्यान अधिकारी की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने नाराजगी जताई।
उनकी जगह उद्यान निरीक्षक के शामिल होने पर डीएम ने उन्हें बैठक से बाहर जाने के निर्देश दिए और तुरंत उद्यान अधिकारी को बुलाने को कहा।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, होगी थर्ड पार्टी जांच
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कहा कि सभी निर्माण परियोजनाओं की थर्ड पार्टी जांच कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपकरणों के साथ मौके पर जांच होगी और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि 5 करोड़ रुपये से अधिक की निर्माण परियोजनाओं में गुणवत्ता जांच के लिए नियमानुसार मौके पर लैब स्थापित की जाए।
कई परियोजनाओं की प्रगति पर जताया असंतोष
समीक्षा के दौरान कई निर्माण परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
- राजकीय प्रक्षेत्र रौंडा सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति 70% पाई गई। इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
- राजकीय प्रक्षेत्र पंडितपुर का कार्य तय समय के बाद भी 85.33% ही पाया गया। डीएम ने नाराजगी जताई।
- राजकीय पौधशाला फहेलउल्लागंज का कार्य 88.35% पूरा होने के बावजूद समय सीमा पार होने पर जल्द हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए।
ठाकुरद्वारा कस्तूरबा विद्यालय में निर्माण कार्य धीमा
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कस्तूरबा बालिका विद्यालय ठाकुरद्वारा में बन रहे एकेडमिक ब्लॉक और छात्रावास की प्रगति 45% पाई गई।
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि जेई से समन्वय कर काम की गति बढ़ाई जाए।
ग्रामीण स्टेडियम और अन्य परियोजनाओं की भी समीक्षा
मुरादाबाद में निर्माण परियोजनाएं: समीक्षा बैठक में कई अन्य निर्माण परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई।
- बिलारी में बन रहे ग्रामीण स्टेडियम और ओपन जिम का कार्य 78.1% पूरा पाया गया।
- गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र के प्रशासनिक भवन और छात्रावास का निर्माण 84.46% पूरा पाया गया।
डीएम अनुज सिंह ने सभी कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा कर विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए।
वर्किंग वूमेन हॉस्टल और मिनी स्टेडियम को मजबूत बनाने के निर्देश
नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे वर्किंग वूमेन हॉस्टल और राजकीय इंटर कॉलेज मुरादाबाद में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम को तकनीकी रूप से मजबूत और मानकों के अनुरूप बनाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, जिला विकास अधिकारी जी.बी. पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
