मुरादाबाद: मंडलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश, पर्यटन और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंडलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने की।
उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
आयुक्त सभागार में हुई समीक्षा बैठक
आयुक्त सभागार, मुरादाबाद में आयोजित बैठक में लघु उद्योग भारती, आईआईए और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
संयुक्त आयुक्त उद्योग ने पिछली बैठक की कार्यवाही प्रस्तुत की। समिति ने उसकी पुष्टि करते हुए विभिन्न एजेंडों की समीक्षा की।
डियर पार्क को पर्यटन और उद्यमिता का केंद्र बनाने पर जोर
बैठक में बसंतपुर रामराय वन ब्लॉक स्थित डियर पार्क के विकास पर चर्चा हुई। सामाजिक वानिकी विभाग ने बताया कि ईको टूरिज्म और नगर वन योजना के तहत कुल 451.20 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि परियोजना में ऐसे प्रावधान किए जाएं जिससे पर्यटन के साथ स्थानीय उद्यमिता को भी बढ़ावा मिले।
उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना की सफलता उसके वास्तविक उपयोग और जनता को मिलने वाले लाभ से तय होती है।
कॉमन फैसिलिटी सेंटर के संचालन के लिए बनेगी समिति
लकड़ी फाजलपुर स्थित स्मार्ट सिटी योजना के कॉमन फैसिलिटी सेंटर के प्रभावी संचालन पर भी चर्चा हुई।
मंडलायुक्त ने अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए।
समिति संचालन में आ रही समस्याओं का अध्ययन कर समाधान सुझाएगी ताकि कारीगरों को अधिकतम लाभ मिल सके।
मुरादाबाद SEZ में नए निवेश को मिलेगी रफ्तार
बैठक में मुरादाबाद स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) के विकास और निवेश बढ़ाने पर चर्चा हुई।
अधिकारियों ने बताया कि SEZ को डिनोटिफाई करने की प्रक्रिया जारी है।
इससे लंबे समय से खाली पड़े भूखंडों पर घरेलू उद्योग स्थापित किए जा सकेंगे और नए निवेशकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
मंडलायुक्त ने इस प्रक्रिया की नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पाकबड़ा अंडरपास और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने बताया कि पाकबड़ा अंडरपास पर नाले का निर्माण पूरा हो चुका है।
सर्विस रोड का निर्माण भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
धनपुरा सड़क निर्माण कार्य योजना में शामिल
धनपुरा सीएनजी पंप के सामने सड़क निर्माण को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है।
बजट मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
बिजनौर ODOP CFC की लंबित औपचारिकताएं जल्द होंगी पूरी
बिजनौर में ODOP योजना के तहत निर्माणाधीन कॉमन फैसिलिटी सेंटर से जुड़े प्रदूषण विभाग के एनओसी और मानचित्र स्वीकृति के मामले पर भी चर्चा हुई।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि मामला जिलाधिकारी बिजनौर को भेजकर लंबित औपचारिकताओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान पर जोर
मंडलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक में मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय,
लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण और परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
बैठक का संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार ने किया।
इसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
