मुरादाबाद में किसान की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई।
भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव जालपुर में 50 वर्षीय किसान का शव गन्ने के खेत में मिला।
परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें घर से बुलाकर हत्या की गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
बारात के विवाद के बाद बढ़ा मामला
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम केएस गोल्डन रिसोर्ट में आई एक बारात के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया था।
बताया गया कि जालपुर निवासी संतोष सिंह ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। इसके बाद मामला शांत हो गया।
घर से बुलाने के बाद नहीं लौटे किसान
परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद नाराज दो लोग रात करीब नौ बजे संतोष सिंह को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए।
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।
गन्ने के खेत में मिला शव
रात करीब 12 बजे गांव से लगभग 250 मीटर दूर गन्ने के खेत में संतोष सिंह गंभीर हालत में मिले।
परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि मृतक के चेहरे पर चोट के निशान थे।
इसी आधार पर मुरादाबाद में किसान की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही भगतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया
और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक संतोष सिंह की पत्नी का करीब दस वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका था। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं।
मुरादाबाद में किसान की हत्या की इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।
