झांसी। झांसी रेलवे स्टेशन पर RPF के एक जवान की सतर्कता और साहस ने एक यात्री की जान बचा ली।
चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश के दौरान यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंसने लगा।
मौके पर मौजूद RPF कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने बिना समय गंवाए दौड़ लगाई और यात्री को सुरक्षित बाहर खींच लिया।
पूरी घटना स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
चलती ट्रेन से उतरना पड़ा भारी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर हुई।
निजामुद्दीन–जबलपुर एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद रवाना हो रही थी।
इसी दौरान एक यात्री चलती ट्रेन से उतरने लगा। संतुलन बिगड़ते ही वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच खतरनाक स्थिति में पहुंच गया।
RPF जवान ने दिखाई फुर्ती
ड्यूटी पर तैनात RPF कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने घटना देखते ही अपने हाथ में मौजूद फाइल छोड़ दी और तुरंत यात्री की ओर दौड़े।
उन्होंने दोनों हाथों से यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
रेलवे ने सतर्कता की अपील की
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बचाया गया यात्री सुरक्षित है। घटना के बाद उसे प्राथमिक सहायता दी गई।
अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें,
क्योंकि ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
