मुरादाबाद। देशभर के फार्मासिस्टों के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में फार्मेसी प्रमोशनल कैडर स्ट्रक्चर को भारत सरकार के गजट में आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है।
इस फैसले से फार्मासिस्टों को करियर में आगे बढ़ने और पदोन्नति पाने का स्पष्ट मार्ग मिलेगा।
फार्मेसी सेवा में बनेगा स्पष्ट प्रमोशन सिस्टम
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन मंडल मुरादाबाद के मंडलीय सचिव हेमन्त चौधरी ने बताया कि इस नई संरचना के तहत फार्मेसी ऑफिसर से लेकर संयुक्त निदेशक (फार्मेसी) तक एक व्यवस्थित पदोन्नति प्रणाली लागू होगी।
इस फार्मेसी प्रमोशनल कैडर स्ट्रक्चर से फार्मेसी सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी।
वर्षों के संघर्ष का परिणाम बताया गया
हेमन्त चौधरी ने कहा कि यह उपलब्धि लंबे समय से चल रहे प्रयासों और फार्मेसी संगठनों के संघर्ष का परिणाम है।
इसमें फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), फेडरेशन ऑफ इंडियन फार्मासिस्ट ऑर्गेनाइजेशन (FIPO) और इंडियन फार्मास्युटिकल एसोसिएशन (IPA) का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
प्रमुख नेताओं और संगठनों की भूमिका
इस निर्णय में PCI अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम. पटेल, FIPO महासचिव संदीप बडोला, IPA महासचिव भूपिंदर कुमार,
तथा कैडर संरचना समिति अध्यक्ष सुशील सूदन सहित कई विशेषज्ञों की भूमिका अहम रही।
सभी ने मिलकर कैडर संरचना को अंतिम रूप दिया।
फार्मासिस्टों के लिए नए अवसर
इस गजट नोटिफिकेशन से फार्मासिस्टों की भर्ती प्रक्रिया, सेवा नियम और पदोन्नति प्रणाली में सुधार होगा।
हेमन्त चौधरी ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इसे उत्तर प्रदेश में भी लागू किया जाएगा,
जिससे हजारों फार्मासिस्टों को लाभ मिलेगा।
