मुरादाबाद एयरपोर्ट पर सोमवार शाम डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के चार्टर्ड विमान में तकनीकी खराबी आ गई।
विमान खराब होने के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। टेकऑफ से पहले विमान के इंजन से धुआं निकलने लगा।
समय रहते विमान को रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
विमान में मौजूद थे ब्रजेश पाठक
जानकारी के अनुसार ब्रजेश पाठक संभल से लौटने के बाद मुरादाबाद एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहां से उन्हें चार्टर्ड विमान से लखनऊ रवाना होना था।
करीब 4:15 बजे जैसे ही विमान उड़ान की तैयारी में था, तभी इंजन में तकनीकी खराबी आ गई।
उस समय ब्रजेश पाठक और उनकी टीम विमान के अंदर मौजूद थी।
एयरपोर्ट प्रशासन तुरंत हुआ सक्रिय
इंजन से धुआं निकलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया।
इसके बाद ब्रजेश पाठक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वह कुछ देर तक एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में रुके रहे।
सड़क मार्ग से लखनऊ रवाना
तकनीकी जांच के बाद विमान को उड़ान के लिए असुरक्षित बताया गया। इसके बाद ब्रजेश पाठक सड़क मार्ग से गंगा एक्सप्रेसवे होते हुए लखनऊ रवाना हो गए।
मुरादाबाद एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी खराबी के चलते विमान उड़ान नहीं भर सका।
इंजीनियरों की टीम करेगी जांच
नागरिक उड्डयन विभाग ने लखनऊ से इंजीनियरों की टीम भेजी है। टीम विमान खराब होने के कारणों की जांच करेगी।
शुरुआती जांच में भीषण गर्मी के कारण इंजन में तकनीकी खराबी आने की आशंका जताई जा रही है।
