मुरादाबाद। मुरादाबाद शिक्षा विभाग समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में उन्होंने पीएमश्री विद्यालय, मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय और निपुण भारत मिशन की प्रगति पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बिना मान्यता वाले स्कूलों पर होगी कार्रवाई
शिक्षा विभाग समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद में बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों का चिन्हांकन कर उन्हें अनिवार्य रूप से बंद कराया जाएगा।
जर्जर स्कूल, दिव्यांग शौचालय और बाउंड्रीवाल पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी विद्यालय जर्जर स्थिति में नहीं होना चाहिए। सभी विद्यालयों में दिव्यांग शौचालय शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाएं। जिन स्कूलों में बाउंड्रीवाल नहीं है, वहां संबंधित योजना के माध्यम से निर्माण कराया जाए।
स्कूलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और बंदरों से बचाव के लिए आवश्यकतानुसार चारों ओर जाल लगाने के भी निर्देश दिए गए।
एमडीएम, निर्माण कार्य और सड़क की गुणवत्ता पर सख्ती
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि एमडीएम रजिस्टर पर ग्राम प्रधान स्वयं विद्यालय आकर हस्ताक्षर करेंगे। कोई भी शिक्षक हस्ताक्षर कराने ग्राम प्रधान के पास नहीं जाएगा।
उन्होंने विद्यालयों में आर्किटेक्ट द्वारा स्वीकृत डिजाइन के अनुसार निर्माण कार्य कराने, उच्च गुणवत्ता की टाइल्स लगाने और सीमेंट का सही उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही स्कूलों के आसपास की सड़कें भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
निपुण भारत मिशन में पढ़ाई के व्यावहारिक तरीके अपनाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने निपुण भारत मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि बच्चों का धारा प्रवाह पठन लगातार कराया जाए। कठिन शब्द बोर्ड पर लिखवाकर उनका अभ्यास कराया जाए।
प्रत्येक शिक्षक प्रतिदिन कम से कम एक घंटे स्वयं बोर्ड पर पढ़ाएं। बच्चों के लिए रीडिंग मेला आयोजित किया जाए और व्यावहारिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
