मुरादाबाद। सामाजिक समरसता महारैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने के उद्देश्य से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने शुक्रवार को मुरादाबाद स्थित जिला कार्यालय में संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में महारैली की तैयारियों, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
31 जुलाई की सामाजिक समरसता महारैली पर रहा फोकस
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दयाराम भार्गव और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रितेश राम मुख्य रूप से मौजूद रहे।
नेताओं ने कहा कि 31 जुलाई को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली सामाजिक समरसता महारैली पार्टी का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है।
इसे सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ जुटना होगा।
घर-घर संपर्क अभियान चलाने के दिए निर्देश
बैठक की अध्यक्षता करते हुए रितेश राम ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक समरसता महारैली से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय का संदेश हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
तीन जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में जिलाध्यक्ष रवि चौधरी, महानगर अध्यक्ष दानिश कुरेशी, प्रमुख महासचिव गौरव कुमार, महानगर प्रभारी अशोक सैनी,
शानू, नासिर, विधानसभा अध्यक्ष इरशाद, जिला प्रवक्ता नाजिम, डॉ. हनीफ, राजकुमार साहू और मुशाहिद हसन सहित मुरादाबाद,
अमरोहा और सम्भल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महारैली को ऐतिहासिक बनाने का लिया संकल्प
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि 31 जुलाई की सामाजिक समरसता महारैली में रिकॉर्ड जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पार्टी की विचारधारा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य किया जाएगा।
