मेरठ में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बड़ा फैसला लिया है।
अब डिस्कॉम क्षेत्र में लगाए गए सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड मोड में बदल दिया जाएगा।
नया सिस्टम जून 2026 से लागू होगा। मई 2026 की बिजली खपत का बिल पोस्टपेड तरीके से जून में जारी किया जाएगा।
क्या है नया बिजली बिल सिस्टम?
विद्युत विभाग के अनुसार अब उपभोक्ताओं को प्रीपेड रिचार्ज नहीं करना होगा। बिजली की खपत के बाद हर महीने बिल जारी किया जाएगा।
यह व्यवस्था आरडीएसएस योजना के तहत लगे स्मार्ट मीटरों पर लागू होगी।
हर महीने 10 तारीख तक मिलेगा बिल
नए नियम के तहत सभी उपभोक्ताओं को हर महीने की 10 तारीख तक बिजली बिल दिया जाएगा। जहां ऑटोमेटिक रीडिंग नहीं होगी, वहां मैनुअल रीडिंग से बिल तैयार किया जाएगा।
SMS और WhatsApp से मिलेगा बिल
बिजली विभाग ने बताया कि बिल अब डिजिटल माध्यम से भेजे जाएंगे। उपभोक्ताओं को SMS और WhatsApp पर बिल मिलेगा।
व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 7859804803 भी जारी किया गया है।
मोबाइल नंबर अपडेट करना जरूरी
जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर गलत या अपडेट नहीं हैं, उन्हें तुरंत सुधार कराने की अपील की गई है।
ताकि समय पर बिल और सूचना मिल सके।
1912 हेल्पलाइन से मिलेगी सहायता
स्मार्ट मीटर और बिलिंग से जुड़ी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1912 जारी है। यहां उपभोक्ता अपनी समस्या दर्ज कर सकते हैं।
विशेष कैंप लगाए जाएंगे
15 मई 2026 से 30 जून 2026 तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में स्मार्ट मीटर और बिलिंग समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी मौजूद रहेंगे।
बकाया बिल पर राहत योजना
बिजली विभाग ने बकाया भुगतान के लिए राहत भी दी है।
- घरेलू उपभोक्ताओं को 10 किस्तों में भुगतान सुविधा
- अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं को 40%, 30% और 30% की किस्त सुविधा
उपभोक्ताओं से अपील
बिजली विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिल भुगतान करने की अपील की है। किसी भी समस्या पर हेल्पलाइन या कैंप से संपर्क करने को कहा गया है।
