मुरादाबाद के कांठ रोड स्थित विवेकानंद नर्सिंग कॉलेज मैदान पर आयोजित यूथ क्रिकेट एकेडमी क्रिकेट सीरीज का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।
यूथ ब्लू टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूथ रेड टीम को 109 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। यूथ क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित इस मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान पर मौजूद रहे।
यूथ ब्लू टीम ने बनाया 300 रन का विशाल स्कोर
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूथ ब्लू टीम ने 40 ओवर में 300 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से तैमूर मलिक ने 83 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली। कबीर मलिक ने 58 गेंदों में 72 रन बनाए।
मुकूल ने 42 रन और ईशान ने 32 रन का योगदान दिया। यूथ रेड टीम की ओर से अंत, अथर और दिवांश ने एक-एक विकेट हासिल किया।
यूथ रेड टीम 191 रन पर हुई ऑल आउट
301 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूथ रेड टीम की शुरुआत अच्छी रही। नैतिक ने 54 रन बनाए। श्लोक ने 27 रन, ज़ुबैर ने 24 रन और दिवांश ने 18 रन का योगदान दिया।
हालांकि बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और पूरी टीम 191 रन पर ऑल आउट हो गई। यूथ ब्लू टीम की ओर से जतिन और सम्राट ने तीन-तीन विकेट लिए। ईशान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट अपने नाम किए।
ईशान बने मैन ऑफ द सीरीज
यूथ क्रिकेट एकेडमी सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए ईशान को “मैन ऑफ द सीरीज” चुना गया।
इसके अलावा श्लोक विश्नोई को “बेस्ट बैटर”, आशुतोष को “बेस्ट विकेटकीपर” और तैमूर मलिक को “बेस्ट फील्डर” का पुरस्कार दिया गया।
फाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के लिए तैमूर मलिक को “बेस्ट बैटर ऑफ द मैच” से सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। यूथ ब्लू टीम चैंपियन बनने पर खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
