मुरादाबाद। मैनाठेर थाना क्षेत्र के लालपुर हमीर गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।
30 वर्षीय अंजाना उर्फ अंजुम का शव बुधवार सुबह घर में मिला। मायके पक्ष ने पति समेत 10 से अधिक लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत के मामले की जांच जारी है।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका अंजाना की शादी वर्ष 2015-16 में लालपुर हमीर निवासी मुजस्सिर से हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं।
इनमें फैसल (10), हैदर (8), मरियम (6) और चार माह की मासूम मन्नत शामिल हैं। मुजस्सिर ट्रक चालक बताया गया है।
दूसरी महिला से बातचीत को लेकर होता था विवाद
मायके पक्ष का आरोप है कि मुजस्सिर किसी दूसरी महिला से बातचीत करता था।
अंजाना इसका विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग को लेकर भी अंजाना को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
तबीयत बिगड़ने की सूचना पर पहुंचे परिजन
बुधवार सुबह मायके वालों को अंजाना की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली।
परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो अंजाना चारपाई पर मृत मिली।
आरोप है कि उस समय घर में ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
मामला संदिग्ध लगने पर डायल-112 पर सूचना दी गई।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। साक्ष्य एकत्र किए गए।
मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव उठाने का विरोध किया।
बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पति समेत 10 से अधिक लोगों के खिलाफ तहरीर
मृतका के भाई इस्लाम ने पुलिस को दी तहरीर में पति मुजस्सिर, सास परवीन, ससुर फारूक, मुजम्मिल, मुकम्मिल, आमना, अमरीन,
फहीन, फरहा, सुब्हान समेत 10 से अधिक लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी बिलारी ने बताया कि संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पूरी कर ली है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
