मुरादाबाद। पीडीए पंचायत विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी में नाराजगी सामने आई है।
ताजपुर माफी में आयोजित पीडीए पंचायत के पोस्टरों से मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र की सांसद का नाम और फोटो हटाने का आरोप लगाया गया।
साथ ही उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।
अंबेडकर पार्क में किया विरोध प्रदर्शन
इसी मुद्दे को लेकर समाजवादी महिला सभा की अध्यक्ष एवं पार्षद श्रीगुल के नेतृत्व में कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क पहुंचे।
यहां उन्होंने प्रदर्शन किया और पार्टी संगठन में सभी जनप्रतिनिधियों को समान सम्मान देने की मांग उठाई।
गुटबाजी से पार्टी को नुकसान पहुंचाने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान श्रीगुल ने कहा कि पीडीए पंचायत विवाद कुछ लोगों की गुटबाजी का परिणाम है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
ऐसे प्रयास संगठन के हित में नहीं हैं।
2027 के चुनाव के लिए एकजुट रहने का आह्वान
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की ताकत उसकी एकजुटता है। सभी कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के भीतर आपसी समन्वय और एकता बनाए रखना समय की जरूरत है।
संगठन मजबूत होगा तो पार्टी भी मजबूत होगी।
