मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपदीय शुल्क नियामक समिति, पेरेंट्स टीचर एसोसियेशन और विद्यालय संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में खासतौर पर एनसीईआरटी पुस्तकों के उपयोग, फीस वृद्धि और ड्रेस परिवर्तन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कक्षा 01 से 08 और कक्षा 09 से 12 तक शासन द्वारा निर्धारित एनसीईआरटी पुस्तकें ही विद्यालयों में लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्कूल द्वारा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फीस वृद्धि और ड्रेस बदलाव पर प्रशासन सख्त
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि निजी विद्यालय मनमाने तरीके से फीस वृद्धि, ड्रेस बदलने और नई किताबें लागू करने जैसे फैसले नहीं ले सकते।
ऐसे मामलों में शासन के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि अभिभावकों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।
यदि किसी विद्यालय में नियमों के खिलाफ कार्रवाई पाई गई तो प्रशासन सख्त कदम उठाएगा।
15 दिनों में स्कूलों की होगी जांच
डीएम ने बताया कि विद्यालयों में नियमों के अनुपालन की जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी।
यह समिति अगले 15 दिनों के भीतर स्कूलों के अभिलेखों की जांच करेगी।
जांच के दौरान विशेष रूप से एनसीईआरटी पुस्तकें, फीस संरचना और ड्रेस परिवर्तन से जुड़े रिकॉर्ड देखे जाएंगे।
समिति अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।
अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने साफ कहा कि जिन विद्यालयों में अनियमितताएं पाई जाएंगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य अभिभावकों और छात्रों के हितों की रक्षा करना है।
बैठक में समिति के सदस्य, अभिभावक प्रतिनिधि और विभिन्न विद्यालयों के संचालक मौजूद रहे।
