मुरादाबाद। मुरादाबाद मोमबत्ती फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग तुरंत सक्रिय हो गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और संयुक्त राहत अभियान के चलते मुरादाबाद मोमबत्ती फैक्ट्री में आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
देर रात लगी आग, सुबह तक पाया गया काबू
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के बुध बाजार स्थित कुटिया वाली गली में संचालित मोमबत्ती फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात आग लग गई।
सूचना मिलते ही फायर सर्विस, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
पूरी रात चले अभियान के बाद शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने संभाली कमान
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल स्वयं मौके पर पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उनके साथ पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ)
तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
संयुक्त अभियान से आग फैलने से रोकी गई
आग की गंभीरता को देखते हुए उपलब्ध सभी फायर टेंडरों को मौके पर लगाया गया।
अग्निशमन विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने लगातार अभियान चलाकर आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक दिया।
सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे क्षेत्र में एहतियात बरती गई।
आग लगने के कारणों की होगी जांच
प्रशासन के अनुसार घटनास्थल पर अभी भी फायर और पुलिस विभाग की टीमें तैनात हैं।
आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागों के बेहतर समन्वय और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण स्थिति समय रहते नियंत्रण में आ गई और कोई जनहानि नहीं हुई।
