मुरादाबाद/लखनऊ। मुरादाबाद मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में आयोजित प्रतिनिहित विधायन समिति की बैठक में जोरदार ढंग से अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि जनपद की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुरादाबाद मेडिकल कॉलेज की मांग पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए।
चिकित्सा सुविधाओं के लिए मेडिकल कॉलेज जरूरी
समिति बैठक की अध्यक्षता सभापति राजीव सिंह उर्फ बब्बू भैया ने की। बैठक में सिंचाई विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि करीब 50 लाख की आबादी वाले मुरादाबाद जिले में आज तक कोई राजकीय मेडिकल कॉलेज नहीं है।
गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को मेरठ, बरेली, लखनऊ और दिल्ली जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद मेडिकल कॉलेज की मांग पूरी होने से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही मेडिकल शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
किसानों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया
विधायक ने सिंचाई विभाग से जुड़ा मुद्दा उठाते हुए बताया कि ग्राम मनकरा, मिलक और सहरिया क्षेत्र की लगभग 1500 बीघा कृषि भूमि हर वर्ष जलभराव से प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि भीतखेड़ा और हिरनखेड़ा क्षेत्र में स्थित नालों की समय पर सफाई न होने से पानी की निकासी बाधित हो जाती है।
इसके कारण किसानों की फसलें नुकसान का शिकार होती हैं। उन्होंने बरसात शुरू होने से पहले नालों की सफाई कराने की मांग की।
समाज कल्याण योजनाओं के लिए विशेष कैंप लगाने का सुझाव
बैठक में ठाकुर रामवीर सिंह ने समाज कल्याण विभाग की योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विकासखंड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों, निराश्रित महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए विशेष कैंप लगाए जाने चाहिए।
जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई की उम्मीद
बैठक में विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना गया। संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई।
खासकर मुरादाबाद मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों को सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है, क्योंकि यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही है।
