मुरादाबाद के कमिश्नरी सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह ने की।
बैठक में औद्योगिक विकास, सड़क निर्माण, ई-वेस्ट प्रबंधन और नगर व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में कई विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।
प्रेम वंडरलैंड के पास बनेगा दो लेन ऊपरी गामी सेतु
संयुक्त आयुक्त उद्योग ने बताया कि पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर प्रेम वंडरलैंड के पास स्थित सम्पार संख्या 413-ए पर अतिरिक्त दो लेन ऊपरी गामी सेतु निर्माण की योजना तैयार की गई है।
प्रस्ताव को जिलाधिकारी से अनुमोदित कर विश्वकर्मा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।
डियर पार्क के सौंदर्यीकरण की तैयारी
वन विभाग के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि डियर पार्क का संचालन पीपीपी मॉडल पर संभव नहीं है।
पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए 174.40 लाख रुपये की योजना शासन को भेजी गई है। बजट मिलने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।
ई-वेस्ट कलेक्शन सेंटर को लेकर जागरूकता अभियान
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में 17 ई-वेस्ट कलेक्शन सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं।
मंडलायुक्त ने ई-वेस्ट निस्तारण को लेकर बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में ई-वेस्ट प्रबंधन को अहम मुद्दा माना गया।
लक्ष्मीपुर कट्टई इंडस्ट्रियल एरिया में बढ़ीं सुविधाएं
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने बताया कि लक्ष्मीपुर कट्टई इंडस्ट्रियल एरिया में 12, 18 और 24 मीटर रोड को व्यवस्थित किया जा रहा है।
क्षेत्र में साइन बोर्ड, सार्वजनिक शौचालय और अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।
धन्नूपुरा सीएनजी पंप के सामने बनेगी सड़क
धन्नूपुरा सीएनजी पंप के सामने सड़क निर्माण कार्य को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बजट मिलते ही सड़क निर्माण शुरू कराया जाएगा। समिति ने प्रस्ताव पर सहमति जताई।
शहर से हटेंगे अवैध होर्डिंग
बैठक के दौरान मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह ने एनएचआई, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम अधिकारियों को शहर में लगे अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के लिए यह जरूरी कदम है।
अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश के बाद संबंधित विभागों में तैयारी शुरू हो गई है।
कई अधिकारी और उद्यमी रहे मौजूद
मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज वर्मा, उपायुक्त उद्योग दीपेन्द्र कुमार, प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी डी.के. गुप्ता, अधीक्षण अभियंता सिंचाई राजीव मित्तल, यूपीसीडा की क्षेत्रीय प्रबंधक गेसू मौर्या, मुख्य अभियंता विद्युत अशोक कुमार चौरसिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।
