मुरादाबाद। मुरादाबाद में भारी बारिश के बावजूद जिले में हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। मुरादाबाद में भारी बारिश के बाद भी रामगंगा, गांगन और अन्य प्रमुख नदियां खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही हैं।
जिला प्रशासन ने राहत और बचाव के सभी इंतजाम पहले से ही सक्रिय कर दिए हैं।
एडीएम ममता मालवीय की निगरानी में पूरी प्रशासनिक टीम 24 घंटे अलर्ट मोड पर काम कर रही है।
24 घंटे में रिकॉर्ड बारिश, फिर भी स्थिति सामान्य
जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 420.5 मिमी कुल वर्षा दर्ज की गई। औसत वर्षा 105.12 मिमी रही। इसके बावजूद जनजीवन सामान्य बना हुआ है।
जिला आपदा विशेषज्ञ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सभी तटबंध सुरक्षित हैं और कहीं भी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है।
राहत और बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले की 35 बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं।
24 बाढ़ शरणालयों में से 4 मॉडल शरणालय अलर्ट पर हैं।
भीकनपुर में दो और बिलारी में एक नाव तैनात की गई है।
इसके अलावा 1.5 फ्लड पीएसी टीम, 36 मेडिकल टीमें और 35 पशु शिविर भी तैयार रखे गए हैं।
नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे
रामगंगा नदी का जलस्तर 188.96 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान से 1.64 मीटर नीचे है।
गांगन नदी 189.60 मीटर पर स्थिर है, जो डेंजर लेवल से 2.40 मीटर नीचे बह रही है।
खो नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान से 1.8 मीटर नीचे है। कोसी और फीका नदी में भी जल प्रवाह सामान्य बना हुआ है।
किसानों की फसलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
सदर, बिलारी, ठाकुरद्वारा और कांठ में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
लगातार जलभराव के कारण करीब 82 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित होने की आशंका है।
प्रशासन खेतों से पानी निकालने और फसलों को सुरक्षित रखने के लिए लगातार काम कर रहा है।
वन्यजीवों की निगरानी के लिए हाई-टेक कंट्रोल रूम
भारी बारिश के बाद तेंदुओं समेत अन्य वन्यजीवों के आबादी की ओर आने की आशंका को देखते हुए ठाकुरद्वारा के पीपलसाना में हाई-टेक कंट्रोल रूम शुरू किया गया है।
यहां से लगातार निगरानी की जा रही है ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मौसम विभाग का ताजा अपडेट
1 सितंबर को जिले में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
24 घंटे खुला है बाढ़ कंट्रोल रूम
प्रशासन ने आम लोगों की सुविधा के लिए मुख्य बाढ़ कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रखा है।
किसी भी आपात स्थिति में लोग 0591-2412728, मोबाइल 9454416867 और टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
तहसील स्तर पर भी अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
