मुरादाबाद। मुरादाबाद सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद की रैंकिंग किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी विभागों को अपने प्रदर्शन में सुधार करने और विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए कहा।
मुरादाबाद सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित हुई।
डी श्रेणी वाले विभागों पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग और सेतु निगम की रैंकिंग डी श्रेणी में मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
लोक निर्माण और स्वास्थ्य विभाग को दिए विशेष निर्देश
लोक निर्माण विभाग की नई सड़क निर्माण योजना बी श्रेणी में होने पर जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु से पहले कार्य पूरा कर इसे ए श्रेणी में बनाए रखने के निर्देश दिए।
वहीं जननी सुरक्षा योजना की प्रगति में सुधार कर स्वास्थ्य विभाग को भी ए श्रेणी में लाने पर जोर दिया।
कुपोषित बच्चों और पेंशन योजनाओं पर विशेष ध्यान
महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने पोषण पुनर्वास केंद्र में बेडों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने गंभीर कुपोषित बच्चों को भर्ती कर गंभीर कुपोषण की श्रेणी से बाहर लाने पर विशेष जोर दिया।
साथ ही निराश्रित महिला पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।
निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
बैठक में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय निर्माण कार्य की 85.10 प्रतिशत प्रगति पर जिलाधिकारी ने शेष कार्य तेजी से पूरा करने को कहा।
सोनकरपुर में अनावासीय भवन निर्माण की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सड़क और रेलवे ओवरब्रिज परियोजनाएं समय पर हों पूरी
कुन्दरकी-डींगरपुर-रतनपुर कला-पाकबड़ा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य तथा मुरादाबाद-चंदौसी मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की समीक्षा करते हुए
जिलाधिकारी ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कर हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
