मुरादाबाद। स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम मौड़ा तैया, विकासखंड छजलैट स्थित मौड़ा तैया वेटलैंड पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह की उपस्थिति में पौधरोपण, नेचर ट्रेल और स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में मौड़ा तैया वेटलैंड संरक्षण का संदेश दिया गया।
पौधरोपण से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का आयोजन जिला गंगा समिति, सामाजिक वानिकी प्रभाग और परिवर्तन ‘दी चेंज’ संस्था, मुरादाबाद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने पौधरोपण करके की।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
मौड़ा तैया वेटलैंड को स्वच्छ रखने की अपील की गई।
बच्चों ने नेचर ट्रेल में जानी जैव-विविधता
पौधरोपण के बाद नेचर ट्रेल का आयोजन हुआ। इसमें स्कूली बच्चों ने भाग लिया।
बच्चों को वेटलैंड की स्थानीय जैव-विविधता और प्रवासी पक्षियों के बारे में जानकारी दी गई।
बच्चों को बताया गया कि वेटलैंड जल संरक्षण में अहम भूमिका निभाते हैं।
यह जैव-विविधता और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण हैं।
वेटलैंड के आसपास चला स्वच्छता अभियान
इसके बाद मौड़ा तैया वेटलैंड और उसके आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
स्कूली बच्चों, अधिकारियों, वन विभाग की टीम और स्वयंसेवकों ने इसमें सक्रिय भागीदारी की।
अभियान के दौरान वेटलैंड के किनारे से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया।
इसमें प्लास्टिक की बोतलें, चिप्स के पैकेट, प्लास्टिक के गिलास और अन्य ठोस अपशिष्ट शामिल थे।
अभियान में 100 किलोग्राम से अधिक ठोस अपशिष्ट एकत्र किया गया।
ग्राम विकास विभाग द्वारा इसका उचित निस्तारण कराया गया।
बच्चों और ग्रामीणों से किया संवाद
स्वच्छता अभियान के बाद मंडलायुक्त सहित अधिकारियों और अतिथियों ने बच्चों तथा ग्रामीणों से संवाद किया।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण पर चर्चा हुई।
प्राकृतिक जल स्रोतों और मौड़ा तैया वेटलैंड को स्वच्छ रखने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
पेड़-पौधों के महत्व की दी जानकारी
डॉ. अनामिका त्रिपाठी ने बच्चों को विभिन्न वृक्ष प्रजातियों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने पेड़-पौधों के पर्यावरणीय महत्व को भी समझाया।
कार्यक्रम के माध्यम से मौड़ा तैया वेटलैंड संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।
ये अधिकारी और अतिथि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, उप जिलाधिकारी कांठ श्रीमती स्निग्धा चतुर्वेदी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/खंड विकास अधिकारी छजलैट शक्ति दुबे, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी डॉ. विनय कुमार सिंह, ग्राम प्रधान मौड़ा तैया नरेंद्र कुमार, नीर टेक्नोलॉजी से नीरज, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ से आलम, प्रकृति सेवा समिति से नेपाल सिंह पाल, खंड शिक्षा अधिकारी छजलैट और ग्राम के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इसके अलावा वन विभाग की टीम, परिवर्तन ‘दी चेंज’ संस्था के अध्यक्ष कपिल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
