मुरादाबाद के कुंदरकी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन अंबावता ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
संगठन के पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी कुंदरकी को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
बिजली आपूर्ति और खराब मीटर को लेकर नाराजगी
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुंदरकी विद्युत विभाग द्वारा तय शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। संगठन ने कहा कि खराब मीटरों की वजह से उपभोक्ताओं के बिजली बिल वास्तविक खर्च से कई गुना अधिक आ रहे हैं।
शिकायत के बावजूद विभाग द्वारा बिल सही कराने और खराब मीटर बदलने में लापरवाही की जा रही है।
स्मार्ट मीटर और जर्जर तारों का मुद्दा उठा
भाकियू अंबावता पदाधिकारियों ने कहा कि शासनादेश के बावजूद स्मार्ट मीटर नहीं बदले जा रहे हैं। पुराने और खराब मीटर लगातार जंप कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।
इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में पुराने ट्रांसफार्मर, जर्जर बिजली खंभे और टूटे विद्युत तारों को तत्काल बदलने की मांग की गई है।
संगठन का कहना है कि इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
विभागीय अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप
ज्ञापन में कहा गया कि विभागीय अधिकारियों को सीयूजी नंबर पर कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं किया जाता। बिजली घर पहुंचकर शिकायत देने पर भी उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता।
भाकियू अंबावता ने आरोप लगाया कि कुंदरकी विद्युत विभाग के कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन नहीं कर रहे हैं।
लाइनमैन पर अवैध वसूली का आरोप
संगठन ने विद्युत कर्मचारी विजयपाल लाइनमैन पर ग्रामीणों से अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। ज्ञापन में कहा गया कि कई उपभोक्ता लंबे समय से इसकी शिकायत कर रहे हैं।
भाकियू अंबावता ने मामले की विभागीय जांच कराकर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है।
आंदोलन की चेतावनी
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिन के भीतर सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन अंबावता आंदोलन करने को मजबूर होगी।
ज्ञापन देने वालों में कामरान शाह खान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, मोहम्मद रफी खान जिला अध्यक्ष मुरादाबाद, डॉ फहीम हुसैन तहसील महासचिव डिलारी, हाजी रुकसाद हुसैन जिला संरक्षक, फौजी फययाज हुसैन युवा जिला अध्यक्ष, कल्याण सिंह युवा जिला उपाध्यक्ष, मोहम्मद युसूफ खा जिला सचिव, मोहम्मद सालिम जिला महासचिव, अखिलेश शर्मा जिला महासचिव, विजेंद्र कुमार जिला महासचिव, अंकुल सागर महानगर अध्यक्ष, अब्दुल्लाह महानगर उपाध्यक्ष और मोहम्मद अय्यूब खा तहसील अध्यक्ष बिलारी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
