मुरादाबाद। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, हिट एंड रन योजना, ओवरलोड वाहनों, अवैध कट, एम्बुलेंस व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
हिट एंड रन मामलों का 7 दिन में होगा निस्तारण
जिलाधिकारी ने हिट एंड रन योजना के लंबित मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अज्ञात वाहनों से हुई दुर्घटनाओं के सभी लंबित प्रकरणों का हर हाल में 7 दिन के भीतर निस्तारण किया जाए।
संबंधित अधिकारी समय पर आख्या भी प्रस्तुत करें।
ओवरलोड वाहनों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
बैठक में बताया गया कि जुलाई 2026 में 386 ओवरलोड वाहनों में से 364 के खिलाफ चालान किए गए।
वहीं अप्रैल से जुलाई 2026 तक 1587 वाहनों में से 1512 पर कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कट होंगे बंद
जिलाधिकारी ने एनएचएआई को राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कट और रास्तों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए।
जरूरत पड़ने पर पुलिस बल भी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
जर्जर बिजली पोलों की सूची तैयार होगी
शहर में जर्जर और निष्प्रयोज्य बिजली पोलों को लेकर जिलाधिकारी ने एसएचओ, जेई और उपजिलाधिकारियों को सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
आम लोगों से भी ऐसे पोलों की जानकारी संबंधित विभाग को देने की अपील की जाएगी।
अवैध पार्किंग और मैरिज हॉल पर सख्ती
बैठक में बताया गया कि 12 अवैध बैंक्वेट और मैरिज हॉल सील किए जा चुके हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी अवैध पार्किंग का संचालन न हो।
रोडवेज बसों की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
आरएम रोडवेज को बसों के सुरक्षित संचालन के लिए तीन महीने का रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही बस परिचालकों को जिला अस्पताल के माध्यम से निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने को कहा गया।
तेंदुए की घटनाओं के बीच बिजली आपूर्ति के निर्देश
ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीण इलाकों में रात के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए।
अनधिकृत वाहनों पर होगी सील और जब्ती की कार्रवाई
जिलाधिकारी ने नियम विरुद्ध और अनधिकृत वाहनों के खिलाफ तत्काल सील और जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
एम्बुलेंस को तुरंत घटनास्थल पहुंचाने के निर्देश
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस तुरंत रवाना हो। न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को उपचार उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने एम्बुलेंस के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
यातायात जागरूकता अभियान होगा तेज
जिलाधिकारी ने प्रत्येक माह यातायात जागरूकता गतिविधियों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को जागरूकता वीडियो दिखाने और परीक्षा आयोजित करने की व्यवस्था भी जारी रखने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, एसपी ग्रामीण, परियोजना निदेशक एनएचएआई, संभागीय परिवहन अधिकारी,
बेसिक शिक्षा अधिकारी, आरएम रोडवेज, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
