मुरादाबाद। जिलाधिकारी श्री अनुनय झा ने मुरादाबाद शहर स्थित जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान ओपीडी में सभी विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने मरीजों और तीमारदारों से भी संवाद किया।
जिला चिकित्सालय के विभिन्न विभागों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने कैश काउंटर, एनसीडी स्क्रीनिंग कक्ष, आभा एवं रजिस्ट्रेशन काउंटर का निरीक्षण किया।
इसके अलावा औषधि वितरण कक्ष, किचन, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) और विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाएं देखीं।
उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। मरीजों और उनके परिजनों से भी सीधे बातचीत की।
कैश काउंटर पर रसीद और कैश का कराया मिलान
जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कैश काउंटर से शुरू हुआ। यहां कर्मचारी श्री हेमन्त उपस्थित मिले।
जिलाधिकारी ने सुबह से निरीक्षण के समय तक काटी गई रसीदों का अवलोकन किया।
उन्होंने रसीदों के सापेक्ष जमा कैश का मिलान कराया। रसीद और कैश का मिलान सही पाया गया।
जिलाधिकारी ने सात वर्षीय बच्चे का उपचार कराकर लौटे व्यक्ति से फोन पर बात की।
उन्होंने डॉक्टरों द्वारा किए गए उपचार और जरूरी दवाओं के संबंध में जानकारी ली।
एनसीडी स्क्रीनिंग व्यवस्था का लिया जायजा
इसके बाद जिलाधिकारी ने एनसीडी स्क्रीनिंग कक्ष का निरीक्षण किया। यहां श्रीमती आस्था प्रकाश और श्रीमती अर्चना त्यागी उपस्थित मिलीं।
जिलाधिकारी ने गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जानकारी ली। उन्होंने स्क्रीनिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने रक्तचाप और शुगर की जांच के साथ ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
रजिस्ट्रेशन काउंटर पर क्यूआर कोड लगाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने आभा काउंटर और रजिस्ट्रेशन काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारी श्री मो. सकलैन से पंजीकरण व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने सभी रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर क्यूआर कोड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इससे मरीज और उनके परिजन डिजिटल भुगतान आसानी से कर सकेंगे।
ओपीडी में सभी विशेषज्ञ चिकित्सक मिले उपस्थित
जिला चिकित्सालय के औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न ओपीडी का जायजा लिया।
उन्होंने बाल रोग, सर्जिकल, ईएनटी, अस्थिरोग और नेत्र रोग ओपीडी का निरीक्षण किया।
सभी संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी-अपनी ओपीडी में उपस्थित मिले। चिकित्सक मरीजों का परीक्षण और उपचार करते हुए पाए गए।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों से मरीजों की संख्या और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की।
मरीजों और चिकित्सकों से प्राप्त जानकारी संतोषजनक पाई गई।
औषधि वितरण व्यवस्था की जांच
जिलाधिकारी ने औषधि वितरण कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं की जानकारी ली।
दवाओं का मिलान भी कराया गया। निरीक्षण के दौरान औषधि वितरण व्यवस्था सही पाई गई।
किचन और भोजन व्यवस्था का लिया जायजा
चिकित्सालय की किचन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की व्यवस्था और गुणवत्ता की जानकारी ली।
उन्होंने मौके पर मौजूद डायटीशियन और कुक से भोजन तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एनआरसी में बच्चों और माताओं से की बातचीत
इसके बाद जिलाधिकारी ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती बच्चों और उनकी माताओं से बातचीत की।
जिलाधिकारी ने उन्हें दिए जा रहे भोजन और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। एनआरसी और किचन की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
वार्डों में मरीजों से लिया स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक
जिलाधिकारी ने सर्जिकल वार्ड, बाल रोग विभाग के एचडीयू और थैलेसीमिया वार्ड का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। चिकित्सा सेवाओं, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
मरीजों और उनके परिजनों ने उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के संबंध में संतोषजनक जानकारी दी।
अस्पताल में साफ-सफाई पर विशेष जोर
आईपीडी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान सीढ़ियों पर कुछ गंदगी मिली। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल की सीढ़ियों सहित सभी सार्वजनिक और आवागमन वाले स्थानों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि चिकित्सालय में स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नियमित सफाई के साथ उसकी सतत निगरानी भी की जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का लिया समग्र जायजा
जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का मौके पर जायजा लिया।
उन्होंने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, दवा वितरण, जांच एवं स्क्रीनिंग, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता और मरीजों की सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय, चिकित्सा अधीक्षक श्री राजेंद्र कुमार सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी गण मौजूद रहे।
