कंपोजिट विद्यालय मातीपुर आज नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का नया उदाहरण बन चुका है।
विकासखंड मूढापांडे स्थित कंपोजिट विद्यालय मातीपुर में बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए लगातार नए प्रयोग किए जा रहे हैं।
यही वजह है कि विद्यालय में नामांकन, शैक्षिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों का आत्मविश्वास लगातार बढ़ रहा है।
लगातार बढ़ रहा है नामांकन
विद्यालय में वर्तमान में 162 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। पिछले तीन वर्षों से नामांकन में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रधानाध्यापिका श्रीमती मंजू रानी सैनी ने बताया कि विद्यालय में किए जा रहे नवाचारों का सकारात्मक प्रभाव बच्चों की उपस्थिति और सीखने के स्तर पर साफ दिखाई दे रहा है।
उन्हें नवाचार के क्षेत्र में जनपद में प्रथम तथा आईसीटी आधारित शिक्षण में तृतीय स्थान प्राप्त हो चुका है।
गतिविधि आधारित शिक्षण से पढ़ाई हुई आसान
विद्यालय में टीएलएम, गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल-खेल में शिक्षा, कॉन्सेप्ट मैपिंग और आईसीटी का नियमित उपयोग किया जाता है।
प्रत्येक शनिवार को रीडिंग कैंपेन, चित्रकला, पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं।
प्रतिदिन समाचार पत्र वाचन और सामान्य ज्ञान प्रश्नों के माध्यम से बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित की जा रही है।
खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन
विद्यालय के विद्यार्थियों ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
पीटी में प्रथम, योग बालक वर्ग में तृतीय तथा लोकनृत्य बालिका वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
विद्यार्थी न्याय पंचायत स्तर से लेकर डायट स्तर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
हर त्योहार बना सीखने का अवसर
विद्यालय में त्योहारों को ‘उत्सव नवाचार’ के रूप में मनाया जाता है। इको क्लब, मीना मंच और बाल संसद के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित की जा रही है।
विद्यालय निपुण आकलन में निपुण घोषित हो चुका है।
मिशन शक्ति के तहत नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।
पुस्तकालय बना ज्ञान का केंद्र
विद्यालय का पुस्तकालय बच्चों में पढ़ने की नई संस्कृति विकसित कर रहा है।
रंग-बिरंगी पुस्तकों और नियमित पठन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की समझ, सोच और अभिव्यक्ति क्षमता मजबूत हो रही है।
कक्षाओं में बच्चों की बनाई गई रचनाएं उनकी सृजनात्मकता को नई पहचान दे रही हैं।
दूसरे विद्यालयों के लिए प्रेरणा बना कंपोजिट विद्यालय मातीपुर
नवाचार आधारित शिक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और लगातार बढ़ती उपलब्धियों के कारण कंपोजिट विद्यालय मातीपुर आज अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा बन चुका है।
बढ़ता नामांकन, बेहतर शैक्षिक परिणाम और विद्यार्थियों का बढ़ता आत्मविश्वास इस विद्यालय की सफलता की कहानी बयां कर रहे हैं।
