मुरादाबाद। किसान दिवस पर 11 गन्ना किसानों को मोटरसाइकिल वितरित की गई। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया और मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने लकी ड्रॉ में चयनित किसानों को मोटरसाइकिल की चाबियां सौंपीं।
किसान दिवस पर 11 गन्ना किसानों को मोटरसाइकिल देने का उद्देश्य अधिक गन्ना उत्पादन और चीनी मिल को अधिक आपूर्ति के लिए किसानों को प्रोत्साहित करना है।
लकी ड्रॉ से चुने गए 11 गन्ना किसान
दीवान शुगर मिल्स लिमिटेड, अगवानपुर ने पेराई सत्र 2025-26 के दौरान अधिक गन्ना उत्पादन
और सर्वाधिक गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों के लिए पुरस्कार योजना चलाई थी।
लकी ड्रॉ के माध्यम से 11 किसानों का चयन किया गया। विजेता किसानों को मोटरसाइकिल के साथ रजिस्ट्रेशन,
इंश्योरेंस और हेलमेट भी प्रदान किए गए।
इन किसानों को मिला सम्मान
लकी ड्रॉ में ग्राम चंगेरी की श्रीमती सविता और श्रीमती भूरिया, ग्राम मोहम्मदपुर ध्यान की श्रीमती राकेश देवी, ग्राम गदापुर के इसरार,
ग्राम आदमपुर की श्रीमती अलीमा, ग्राम सेरुआ धर्मपुर के महेन्द्र सिंह, ग्राम मोड़ा के सोमपाल सिंह, ग्राम नगला जोगराज के जसवीर सिंह,
ग्राम सुल्तानपुर के धर्म प्रकाश, ग्राम संजरपुर की श्रीमती हसीना खातून
तथा ग्राम ज्ञानपुर की श्रीमती सुधा देवी का चयन हुआ।
अन्य चीनी मिलों को भी दिए प्रोत्साहन योजना चलाने के निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने दीवान शुगर मिल्स लिमिटेड, अगवानपुर की पहल की सराहना की।
उन्होंने कहा कि किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से होने चाहिए।
साथ ही जनपद की अन्य चीनी मिलों को भी किसानों के हित में इसी तरह की प्रोत्साहन योजनाएं संचालित करने के निर्देश दिए।
गन्ना मूल्य का पूरा भुगतान होने की जानकारी
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी चीनी मिलों ने पेराई सत्र 2025-26 का संपूर्ण गन्ना मूल्य किसानों को भुगतान कर दिया है।
उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान और बेहतर उत्पादन के लिए किसानों को प्रोत्साहित करना विभाग की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में दीवान शुगर मिल्स लिमिटेड, अगवानपुर के यूनिट हेड महेश कुमार पाण्डेय,
मुख्य प्रबंधक (प्रशासन) सुशील कुमार खोखर, महाप्रबंधक (गन्ना) राजपाल सिंह,
उप महाप्रबंधक (गन्ना) एन.सी. पंत, जिला गन्ना अधिकारी,
गन्ना विकास विभाग के अधिकारी तथा चीनी मिल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
