ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
ठाकुरद्वारा दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि जो लोग वर्षों तक भगवान राम और राम मंदिर आंदोलन का विरोध करते रहे,
उन्हें आज राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
एसआईटी जांच के बाद दोषियों पर होगी कार्रवाई
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया है। जांच प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप
सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि विपक्ष बिना तथ्यों के लोगों को गुमराह कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आस्था से जुड़े मुद्दों पर राजनीति की जा रही है।
सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ जांच करा रही है।
अखिलेश यादव के बयान पर किया पलटवार
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के वर्ष 2027 को लेकर दिए गए बयान पर भी कृषि मंत्री ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में भाजपा लगातार कई बार सरकार बना चुकी है।
वहां किसी का मतदान का अधिकार समाप्त नहीं हुआ।
विपक्ष केवल जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सरकार प्रतिबद्ध
कृषि मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो रही है और जनता विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जवाब स्वयं देगी।
