मुरादाबाद। मुरादाबाद में मोहर्रम के जुलूस शुक्रवार को जिले के मैनाठेर कस्बे, महमूदपुर माफी, कांठ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगर पंचायत उझारी में पूरी अकीदत, एहतराम और शांतिपूर्ण माहौल में निकाले गए।
बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुलूसों में शामिल हुए। सभी ने अमन, भाईचारे और इंसानियत की दुआ की।
पूरे जिले में मुरादाबाद में मोहर्रम के जुलूस प्रशासन की निगरानी में सकुशल संपन्न हुए।
मैनाठेर से महमूदपुर माफी तक निकला ताजिया जुलूस
दस मोहर्रम पर जुमे की नमाज के बाद मैनाठेर के इमामबाड़ों और अज़ाखानों से अलम मुबारक, ताजिए और जुल्जिनाह बरामद हुए।
“या हुसैन” की सदाओं और मरसियों के बीच जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ा। देर शाम ताजिए महमूदपुर माफी पहुंचे, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार कर्बला में दफन किए गए।
महमूदपुर माफी में दूर-दराज़ से पहुंचे अज़ादार
महमूदपुर माफी में आसपास के कई गांवों से अज़ादार अपने-अपने ताजिए लेकर पहुंचे।
सभी ने शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित मार्गों से ताजियों को कर्बला तक पहुंचाया।
इसके बाद ताजियों को शहीद किया गया। अकीदतमंदों ने मुल्क में अमन, शांति और भाईचारे के लिए दुआ की।
कांठ विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में निकले जुलूस-ए-अज़ा
कांठ विधानसभा क्षेत्र के पैगंबरपुर, गढ़ी सलेमपुर, मुजफ्फरपुर टांडा, रसूलपुर चौहरा, पाकबड़ा तथा नगर पंचायत उझारी में भी मोहर्रम के जुलूस-ए-अज़ा निकाले गए।
जनप्रतिनिधियों ने जुलूसों में पहुंचकर अकीदतमंदों से मुलाकात की और मोहर्रम की अहमियत बताते हुए सब्र, कुर्बानी, इंसाफ
और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने क्षेत्र की खुशहाली और देश में शांति की दुआ भी की।
सबील लगाकर पेश की इंसानियत की मिसाल
पूर्व प्रधान इंतजार हुसैन के आवास पर राहगीरों और मुसाफिरों के लिए ठंडे मीठे शरबत की सबील लगाई गई।
बड़ी संख्या में लोगों ने सबील से शरबत ग्रहण किया। इस दौरान हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद करते हुए इंसानियत, अमन और भाईचारे का संदेश दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
पूरे आयोजन के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक किरण पाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुमार आकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी बिलारी अशोक कुमार सिंह तथा उपजिलाधिकारी प्रिंस वर्मा ने भी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन की मुस्तैदी के बीच मुरादाबाद में मोहर्रम के जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
बड़ी संख्या में अकीदतमंद रहे मौजूद
जुलूस में राबिक वारसी, शाकिर सलमानी (जिला अध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ), तहजीब पाशा, ताहिर अंसारी, रफीक शाह, फरमान पाशा,
रईस सलमान, शादाब मलिक, बाबू सलमानी, गुलफाम पाशा, शाहबाज पाशा, रईस मुखिया सलमानी, सानू पाशा,
समीम वारसी सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद और ग्रामीण मौजूद रहे।
