मुरादाबाद, 23 जून। मुरादाबाद टैक्स अधिवक्ताओं का आंदोलन फिलहाल टल गया है।
नगर विधायक रितेश गुप्ता की मध्यस्थता और अपर आयुक्त ग्रेड-1 राज्य कर अशोक कुमार सिंह द्वारा खेद व्यक्त किए जाने के बाद चारों कर संघों ने प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया।
मुरादाबाद टैक्स अधिवक्ताओं का आंदोलन 24 जून को प्रस्तावित था।
संयुक्त बैठक में लिया गया महत्वपूर्ण फैसला
मंगलवार को मुरादाबाद के चारों कर संघों की संयुक्त बैठक संकाय कक्ष में हुई। बैठक में प्रस्तावित आंदोलन पर चर्चा की गई।
इससे पहले 9 जून को चारों कर संघों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर विधायक रितेश गुप्ता
और मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपर आयुक्त के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
मंडलायुक्त ने मामले की जांच का आश्वासन दिया था।
नगर विधायक की पहल पर बैठक में पहुंचे अपर आयुक्त
बैठक के दौरान नगर विधायक रितेश गुप्ता ने अधिवक्ताओं की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने अपर आयुक्त अशोक कुमार सिंह को बैठक में बुलाया।
अपर आयुक्त अपने दो अधीनस्थ अधिकारियों के साथ पहुंचे और अधिवक्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर अपना पक्ष रखा।
अधिवक्ताओं को सम्मान देने का दिया आश्वासन
अपर आयुक्त अशोक कुमार सिंह ने अपने व्यवहार को लेकर खेद व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी अधिवक्ताओं को पूरा सम्मान दिया जाएगा। किसी भी अधिवक्ता को उसके पेशेगत कार्य या पैरवी के कारण एफआईआर की धमकी नहीं दी जाएगी।
साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दो लाख रुपये तक के कोरा माल और रॉ मटेरियल के परिवहन में ई-वे बिल न होने पर अनावश्यक रोक-टोक या उत्पीड़न न किया जाए।
आंदोलन स्थगित, लेकिन ज्ञापन रहेगा प्रभावी
अपर आयुक्त के आश्वासन और विधायक की पहल के बाद मुरादाबाद टैक्स अधिवक्ताओं का आंदोलन स्थगित कर दिया गया।
हालांकि चारों कर संघों ने स्पष्ट किया कि नगर विधायक, मंडलायुक्त और अन्य अधिकारियों को दिए गए ज्ञापन वापस नहीं लिए जाएंगे।
यदि भविष्य में अपर आयुक्त का व्यवहार और कार्यशैली पहले जैसी रही तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।
बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ता रहे मौजूद
बैठक में टैक्स फेडरेशन के अध्यक्ष राजकमल रस्तोगी, दि मुरादाबाद टैक्सेशन बार एसोसिएशन के सचिव अमर शर्मा,
टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग सिंह, सचिव जिया जमीर, जोनल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सैयद आरिफ अली,
सचिव अनुज गुप्ता, बार एसोसिएशन ऑफ टैक्स एडवोकेट्स के अध्यक्ष नरेश कुमार,
सचिव नीरज भटनागर सहित बड़ी संख्या में कर अधिवक्ता उपस्थित रहे।
