मुरादाबाद के मूंढापांडे ब्लॉक स्थित दलपतपुर में शनिवार को दूसरे 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया।
कुंदरकी विधायक Ramveer Singh ने फीता काटकर और शिलालेख का अनावरण कर नए विद्युत उपकेंद्र का शुभारंभ किया।
इस नए दलपतपुर विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
साइकिल से पहुंचे विधायक रामवीर सिंह
प्रधानमंत्री Narendra Modi के ऊर्जा बचत और संसाधन संरक्षण अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विधायक रामवीर सिंह अपने भदासना स्थित कैंप कार्यालय से साइकिल चलाकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
लो वोल्टेज और कटौती की समस्या से मिलेगी राहत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामवीर सिंह ने कहा कि दलपतपुर में अब तक केवल एक ही विद्युत उपकेंद्र होने के कारण लो वोल्टेज और बिजली बाधित रहने की समस्या बनी रहती थी।
करीब डेढ़ वर्ष पहले नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति कराई गई थी।
उन्होंने कहा कि नए दलपतपुर विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु, स्थिर और गुणवत्तापूर्ण होगी।
गांव-गांव तक निर्बाध बिजली पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
तीन फीडरों से होगी बिजली आपूर्ति
नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से तीन फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाएगी।
इससे दलपतपुर, हरसैनपुर, नियामतपुर इकरोटिया, भदासना, मूंढापांडे, खाई खेड़ा, बिनाबाला, सिहोरा बाजे, वरबाला खास, खबड़िया भूड़ समेत एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी।
कार्यक्रम में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस मौके पर अधीक्षण अभियंता गुलशन गोयल, अधिशासी अभियंता अरुण कुमार, एसडीओ आरएन राठौर, जेई समरपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख डॉ. नवदीप यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
