मुरादाबाद में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने और सभी योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में आभा आईडी, आयुष्मान योजना, टीकाकरण और मातृ स्वास्थ्य योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया।
आभा आईडी में 80 प्रतिशत से अधिक प्रगति का लक्ष्य
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने पूर्व बैठक की अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने सभी एमओआईसी को सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।
आभा आईडी की समीक्षा में मुरादाबाद अर्बन में 57 प्रतिशत और कुन्दरकी में 68 प्रतिशत प्रगति पर नाराजगी जताई।
उन्होंने अगली बैठक तक 80 प्रतिशत से अधिक प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
आयुष्मान योजना में 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
डीएम ने आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा की। बिलारी, डिलारी, कुन्दरकी और ठाकुरद्वारा में कम प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को हर सात दिन में योजना की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
साथ ही आयुष्मान योजना का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया।
अस्पतालों में साफ-सफाई और दवाओं की उपलब्धता पर जोर
जिलाधिकारी ने सभी सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों की साफ-सफाई बेहतर रखने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर जोर दिया।
अस्पतालों में बेड की चादरें साफ और दाग-धब्बे रहित रखने के निर्देश भी दिए।
मातृ स्वास्थ्य योजनाओं में सुधार के निर्देश
संस्थागत प्रसव की समीक्षा में कुन्दरकी, डिलारी और बिलारी की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली।
जननी सुरक्षा योजना के तहत 77 से 78 प्रतिशत भुगतान पर डीएम ने शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में कांठ, बिलारी और डिलारी की कम प्रगति पर भी सुधार के निर्देश जारी किए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा
बैठक में राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टिक्षीणता नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम और राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा की गई।
डीएम ने सभी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने और उल्लेखनीय कार्यों की सफलता की कहानियां भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
टीकाकरण अभियान में गिरावट नहीं आने के निर्देश
नियमित टीकाकरण में जुलाई तक 84 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई। डीएम ने कहा कि टीकाकरण कवरेज में किसी भी स्थिति में कमी नहीं आनी चाहिए।
भोजपुर, ठाकुरद्वारा, कुन्दरकी, कांठ, मूंढापांडे और ताजपुर में कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीएम बोले- हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ.
संजीव बेलवाल, सीएमएस, एमओआईसी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा एनजीओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
