मुरादाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया।
किसान दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के सामने रखीं।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
लंबित शिकायतों की हुई विभागवार समीक्षा
बैठक में पहले आयोजित किसान दिवस में मिली शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों से निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली गई।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों का गंभीरता से समाधान किया जाए।
जिन मामलों का निस्तारण हो चुका है, उसकी जानकारी किसानों को भी दी जाए।
किसानों ने सर्किल रेट में संशोधन की उठाई मांग
बैठक में किसानों ने सर्किल रेट में वृद्धि और आवश्यक संशोधन का मुद्दा उठाया। किसानों ने कहा कि मौजूदा दरों में सुधार की जरूरत है।
उन्होंने इस संबंध में अपने सुझाव भी अधिकारियों को दिए।
जल निगम की खुदाई से खराब सड़कों पर जताई नाराजगी
किसानों ने बताया कि जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए कई गांवों में सड़कें खोदी गईं।
लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
किसानों ने क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की।
बंदरों और तेंदुओं से फसलों को नुकसान
बैठक में किसानों ने बंदरों और तेंदुओं की समस्या भी उठाई। उनका कहना था कि वन्यजीवों से फसलों और ग्रामीणों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने इस पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय से काम करें। इससे किसानों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती संगीता गौतम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय,
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, लोक निर्माण विभाग और जल निगम के अधिकारी, उप निदेशक कृषि,
जिला गन्ना अधिकारी, एलडीएम, एआर कोऑपरेटिव, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसान उपस्थित रहे।
