जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने ग्राम, नगर एवं जनपद गजेटियर की जानकारी तथ्यात्मक, प्रमाणिक एवं त्रुटिरहित रूप से संकलित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्राम, नगर एवं जनपद गजेटियर जनपद के इतिहास, वर्तमान और विकास यात्रा का महत्वपूर्ण दस्तावेज होगा।
इस संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
गजेटियर तैयार करने की प्रगति की हुई समीक्षा
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम गजेटियर, नगर गजेटियर एवं जनपद गजेटियर तैयार करने और उन्हें अद्यतन करने की प्रगति की समीक्षा की गई।
संबंधित अधिकारियों ने अब तक किए गए कार्य की जानकारी प्रस्तुत की।
तथ्यात्मक और प्रमाणिक जानकारी संकलित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम, नगर एवं जनपद स्तर की ऐतिहासिक, भौगोलिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और प्रशासनिक जानकारियों का प्रमाणिक संकलन किया जाए।
प्रत्येक सूचना का संबंधित विभागों से सत्यापन कराया जाए ताकि सामग्री पूरी तरह त्रुटिरहित हो।
ग्राम पंचायत सचिव होंगे नोडल अधिकारी
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत सचिव को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
ग्राम गजेटियर तैयार करते समय स्थानीय स्तर के महत्वपूर्ण सुझाव भी शामिल किए जाएंगे, जिससे जानकारी अधिक सटीक और उपयोगी बन सके।
इतिहास, पर्यटन और विकास से जुड़ी जानकारियां हों शामिल
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद की ऐतिहासिक विरासत, प्रमुख पर्यटन स्थल, महत्वपूर्ण व्यक्तित्व, प्राकृतिक संसाधन, कृषि, उद्योग,
शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों को व्यवस्थित रूप से गजेटियर में शामिल किया जाए।
समयसीमा में पूरा करें कार्य
उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
साथ ही कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
गजेटियर तैयार करने की प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती ऋतु तोमर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अमित सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री आलोक शर्मा, खंड विकास अधिकारी,
एडीओ पंचायत, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
