नौचंदी एक्सप्रेस में पर्स चोरी के मामले का जीआरपी मुरादाबाद ने खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान और 10,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
आरोपी ट्रेन में कोच अटेंडेंट के रूप में कार्य करता था।
27 जून को हुई थी पर्स चोरी की घटना
जीआरपी थाना मुरादाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 88/2026 के अनुसार, 27 जून को नौचंदी एक्सप्रेस में पर्स चोरी की घटना हुई थी।
यात्रा के दौरान एक यात्री का पर्स चोरी हो गया था। शिकायत मिलने के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन से किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक रेलवे मुरादाबाद के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी, सीआईबी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
टीम ने बुधवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन के पास से आरोपी दिनेश कुमार निवासी ग्राम बैंजनी,
थाना टांडा, जनपद रामपुर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूला चोरी का जुर्म
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नौचंदी एक्सप्रेस में पर्स चोरी की वारदात में शामिल था।
उसने बताया कि वह ट्रेन में कोच अटेंडेंट के रूप में कार्य करता है।
इसी दौरान उसे एक यात्री का पर्स मिला, जिसे उसने चोरी कर लिया और उसमें रखा कीमती सामान निकाल लिया।
डेढ़ लाख रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने की बुंदियां, एक जोड़ी कुर्ते के डायमंड बटन, एक डायमंड पेंडेंट,
दो सोने की डायमंड ईयररिंग और 10,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
