युवती की बरामदगी की मांग को लेकर सोमवार को भारतीय वाल्मीकि धर्मसभा (भारत) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुरादाबाद में एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने युवती को सकुशल बरामद करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
साथ ही चेतावनी दी कि यदि पांच दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मझौला थाना क्षेत्र के मामले में पुलिस से की कार्रवाई की मांग
भारतीय वाल्मीकि धर्मसभा (भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जसपाल सिंह वाल्मीकि के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पीड़ित परिवार भी शामिल रहा।
ज्ञापन में कहा गया कि मझौला थाना क्षेत्र की मीरपुर वाल्मीकि बस्ती निवासी युवती के कथित अपहरण का मुकदमा पहले से दर्ज है।
इसके बावजूद अब तक न तो युवती की बरामदगी हो सकी है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
वाल्मीकि समाज ने जताया आक्रोश
जसपाल सिंह वाल्मीकि ने कहा कि युवती की बरामदगी की मांग को लेकर पूरे वाल्मीकि समाज में रोष है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में तेजी लाने, युवती को सुरक्षित बरामद करने
और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
पांच दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
संगठन ने कहा कि यदि युवती की बरामदगी की मांग पर पांच दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई,
तो वाल्मीकि समाज बड़ा आंदोलन करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष विनेश कुमार राही, मंडल अध्यक्ष आनंद किशोर राही, जिलाध्यक्ष राजा वाल्मीकि,
जिला प्रभारी सन्नी वाल्मीकि, सविता वाल्मीकि, रेनू वाल्मीकि, राधा वाल्मीकि समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
