मुरादाबाद/गाजियाबाद/मेरठ। गाजियाबाद में बिजली व्यवस्था की समीक्षा को लेकर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने शनिवार को क्षेत्रीय कार्यालय प्रथम, द्वितीय और तृतीय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
गाजियाबाद में बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को गर्मी के मौसम में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने
और अनावश्यक बिजली कटौती से बचने के सख्त निर्देश दिए।
दैनिक लोड और बिजली आपूर्ति की हुई विस्तृत समीक्षा
प्रबंध निदेशक ने दैनिक लोड फाइल, क्षेत्रवार विद्युत आपूर्ति, शटडाउन रिकॉर्ड और बिजली कटौती से संबंधित अभिलेखों का गहन परीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और तकनीकी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपभोक्ता शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए पारदर्शी लोड प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
वसुंधरा विद्युत उपकेंद्र का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद प्रबंध निदेशक ने गाजियाबाद स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सेक्टर-7 वसुंधरा का निरीक्षण किया।
उन्होंने लोड शीट और अन्य अभिलेखों की जांच की। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में हुए शटडाउन की अवधि, कारण और विद्युत आपूर्ति बहाल करने में लगे समय की जानकारी भी ली।
अनावश्यक बिजली कटौती रोकने पर दिया विशेष जोर
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शटडाउन का कारण अभिलेखों में दर्ज किया जाए।
बिना आवश्यकता बिजली कटौती न की जाए। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में बिजली व्यवस्था की समीक्षा का उद्देश्य उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।
इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
