मुरादाबाद। मुरादाबाद सड़क सुरक्षा समीक्षा बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुरादाबाद सड़क सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने की।
बैठक में हिट एंड रन मामलों, ओवरलोड वाहनों, अवैध कटों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की समीक्षा की गई।
हिट एंड रन मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी ने हिट एंड रन मामलों की लंबित जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिलना चाहिए।
साथ ही टोल प्लाजा से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों की सघन निगरानी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
अवैध कटों पर सीसीटीवी से होगी निगरानी
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए गए अवैध कटों की समीक्षा की गई। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि छह चिन्हित अवैध कट बंद कर दिए गए हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि दोबारा अवैध कट बनाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।
क्षतिग्रस्त विद्युत पोल जल्द होंगे दुरुस्त
मुरादाबाद सड़क सुरक्षा समीक्षा बैठक में पुलिस, विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।
टीम प्रमुख मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में लगे विद्युत पोलों का सत्यापन करेगी।
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए झुके और क्षतिग्रस्त पोलों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने, उन पर रिफ्लेक्टर टेप और सुरक्षा कवर लगाने के भी निर्देश दिए गए।
निजी बस अड्डे और चालान वाले वाहनों पर भी सख्ती
जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन के बाहर मुख्य मार्ग किनारे संचालित निजी बस अड्डे को बंद कराने के लिए मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं पांच या अधिक चालान वाले वाहनों के लाइसेंस संबंधी विवरण प्रस्तुत न करने पर एआरटीओ के प्रति नाराजगी जताई और चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, एमडीए सचिव पंकज वर्मा, एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार, एडीएम वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय,
सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट युवराज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
