मुरादाबाद जनपद में रविवार को तपती धूप में ड्यूटी कर रहे पीआरडी जवान की मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
मधुबनी चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे पीआरडी जवान किशन स्वरूप अचानक सड़क पर अचेत होकर गिर पड़े।
उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सुबह से चौराहे पर तैनात थे किशन स्वरूप
जानकारी के अनुसार किशन स्वरूप रोजाना की तरह सुबह करीब 6 बजे से मधुबनी चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे थे।
तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच वह लगातार यातायात नियंत्रित कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
सड़क पर गिरते ही मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ड्यूटी के दौरान किशन स्वरूप को चक्कर आया और वह सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
साथी जवानों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने किया ‘ब्रॉट डेड’ घोषित
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात ईएमओ डॉ. जुनैद अहमद ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल मोहम्मद हसनैन अपने साथी जवान को अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
डॉक्टरों की टीम ने ईसीजी जांच और सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा मौत का कारण
डॉ. जुनैद अहमद के अनुसार मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तपती धूप में ड्यूटी कर रहे पीआरडी जवान की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस विभाग में शोक का माहौल
घटना के बाद पुलिस विभाग और पीआरडी जवानों में शोक का माहौल है।
साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि किशन स्वरूप बेहद मेहनती और जिम्मेदार जवान थे।
उनकी अचानक मौत से सभी स्तब्ध हैं।
