मुरादाबाद के बिलारी क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बिलारी तालाब हादसा उस समय हुआ जब गांव समाथल की तीन महिलाएं तालाब किनारे मिट्टी लेने पहुंचीं।
अचानक मिट्टी की ढांग भरभराकर गिर गई और तीनों महिलाएं मिट्टी में दब गईं।
हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिट्टी की ढांग गिरने से मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार गांव की माला देवी, सुनीता और रामवती घर के आंगन की लिसाई के लिए तालाब किनारे मिट्टी खोद रही थीं।
इसी दौरान अचानक मिट्टी की ढांग गिर गई। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने मिट्टी हटाकर निकाला बाहर
काफी मशक्कत के बाद तीनों महिलाओं को मिट्टी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी ले जाया गया।
वहां डॉक्टरों ने माला देवी और सुनीता को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल रामवती की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
गांव में पसरा मातम
बिलारी तालाब हादसा के बाद पूरे गांव समाथल में मातम का माहौल है।
मृतक महिलाओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
गर्मी में लिसाई के लिए लाई जाती है मिट्टी
ग्रामीणों के अनुसार गर्मी के मौसम में महिलाएं तालाब और नदी किनारे से मिट्टी लाकर घरों के आंगन की लिसाई करती हैं।
इससे घरों में ठंडक बनी रहती है। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
उपजिलाधिकारी बिलारी विनय कुमार ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मृत्यु हुई है, जबकि एक महिला का उपचार चल रहा है।
प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
