मुरादाबाद। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल में ट्रेन मैनेजर की सतर्कता से शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया।
राजा का सहसपुर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 54391 में चढ़ते समय एक छात्रा अचानक फिसल गई और प्लेटफार्म पर ट्रेन के साथ घिसटने लगी।
घटना के समय मौके पर ड्यूटी कर रहे ट्रेन मैनेजर श्री ओमकार सिंह (द्वितीय) ने तुरंत स्थिति को समझ लिया।
सतर्कता और त्वरित निर्णय के चलते बिना देर किए ट्रेन को रुकवाने के लिए प्रेशर लगाया गया।
ट्रेन मैनेजर की सतर्कता बनी छात्रा के लिए जीवनदान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्रा चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी। तभी उसका पैर फिसल गया।
छात्रा ने घबराने के बजाय ट्रेन के हैंडल को मजबूती से पकड़े रखा।
उधर ट्रेन मैनेजर की सतर्कता के कारण ट्रेन समय रहते रुक गई और छात्रा सुरक्षित बच गई।
स्टेशन पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और ट्रेन मैनेजर की सराहना की।
परिजनों ने रेलवे प्रशासन का जताया आभार
घटना के बाद छात्रा और उसके परिजनों ने ट्रेन मैनेजर श्री ओमकार सिंह और रेलवे प्रशासन का धन्यवाद किया।
परिजनों ने कहा कि अगर समय पर ट्रेन नहीं रुकती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल ने भी मैनेजर की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा भावना की प्रशंसा की। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की पहली प्राथमिकता है।
रेलवे ने यात्रियों को दी अहम सलाह
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें।
थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। रेलवे ने कहा कि सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है।
